Advertisement
पिता के साथ ही दादा-दादी, बुआ ने भी जब मां के साथ बेरहमी से मारपीट करना शुरु कर दी, तो 4 साल के मासूम को पहले तो कुछ नहीं सूझा। लेकिन फिर उसने अपनी मां के फोन से अपने नाना-नानी को घटना के बारे में बता दिया। सूचना मिलने पर माता-पिता बेटी के घर पहुंचे और उपचार के लिए ले गए। महिला की शिकायत पर कोलार पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उधर पति की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ भी दांत से काटने, छुरी से हमला करने का केस दर्ज किया गया है। घटना कोलार रोड इलाके में मंगलवार सुबह हुई। कोलार पुलिस के मुताबिक जनता कॉलोनी में रहने वाली 29 वर्षीय युवती की शादी मई-2013 राजहर्ष कॉलोनी निवासी अनंत अवस्थी के साथ हुई थी। युवती का आरोप है कि शादी के कुछ साल बाद उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था।
महिला ने शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे उसके पति पलंग पर लेटे हुए लैपटाप पर काम कर रहे थे। उसने कहा कि वह पलंग से उठ जाएं, उसे बेडशीट धोना है। इस बात पर अचानक नाराज होते हुए पति ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट करना शुरु कर दी। इस दौरान सास, ससुर और ननद ने भी बाल पकड़कर उसे घर के बाहर निकालकर मारना शुरु कर दिया।
इस बीच युवती के चार साल के बेटे ने मां के मोबाइल से अपने नाना-नानी को फोन लगा दिया। सूचना मिलते ही वे लोग बेटी के घर पहुंचे और डायल-100 पर फोन लगाकर पुलिस की मदद मांगी। पुलिस युवती को उपचार के लिए पहले अस्पताल ले गई। इसके बाद युवती अपने माता-पिता और बच्चे के साथ थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। उधर घटना के बाद अनंत भी थाना पहुंचा उसकी अंगुली में चोट का निशान था। साथ ही शरीर पर भी दांत से काटे जाने के साक्ष्य थे। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |