विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से राहत, एशियन गेम्स 2026 ट्रायल में लेंगी हिस्सा
Vinesh Phogat को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सर्वोच्च न्यायालय ने उन्हें एशियन गेम्स 2026 के सेलेक्शन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि विनेश ने देश को गौरवान्वित किया है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि खेल मामलों में अदालतों का बार-बार और त्वरित हस्तक्षेप सही नहीं माना जा सकता।
सुनवाई के दौरान जस्टिस पीएस नरसिम्हा ने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज एडमिशन जैसा मामला नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों से जुड़ा विषय है। कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले और उसकी प्रक्रिया पर भी चिंता जताई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि खेल से जुड़े विवादों का समाधान खेल संस्थाओं, खिलाड़ियों और संबंधित निकायों के बीच बेहतर तालमेल से होना चाहिए, न कि हर बार अदालत के हस्तक्षेप से।
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 22 मई को विनेश फोगाट को 30-31 मई को होने वाले ट्रायल में शामिल होने की अनुमति दी थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि Wrestling Federation of India की चयन नीति में मैटरनिटी ब्रेक के बाद लौट रही प्रतिष्ठित खिलाड़ी के लिए विशेष प्रावधान नहीं है। कोर्ट ने ट्रायल की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने और Sports Authority of India व Indian Olympic Association के स्वतंत्र पर्यवेक्षक की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए थे।