Advertisement
भोपाल की मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में अब जांच और तेज हो गई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में नई एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को सीबीआई टीम ने कटारा हिल्स थाने पहुंचकर पति समर्थ सिंह से लंबी पूछताछ की, वहीं ट्विशा के माता-पिता, भाई और अन्य परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए। भोपाल पुलिस ने केस डायरी और अहम साक्ष्य सीबीआई को सौंप दिए हैं।
मामले में ट्विशा की सास और पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं। उनकी अग्रिम जमानत पर जबलपुर हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। इस बीच सीबीआई अधिकारियों ने उनके बाग मुगलिया स्थित घर पहुंचकर करीब आधे घंटे तक पूछताछ की। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने कोर्ट में गिरिबाला सिंह की जमानत निरस्त करने की मांग की है। उनका आरोप है कि उन्होंने जमानत की शर्तों का उल्लंघन किया है।
वहीं, गिरिबाला सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि ट्विशा गर्भावस्था के दौरान बच्चा नहीं रखना चाहती थी और वह नशे की लत से जूझ रही थी। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद ट्विशा के माता-पिता उससे मिलने नहीं आए और उसे “त्याग” दिया था। इन बयानों के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है, जबकि सीबीआई अब सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |