Advertisement
उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा 403 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने और “बात सीट की नहीं, जीत की है” जैसे नारे के बीच अब सहयोगी दलों और विरोधियों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। इसी क्रम में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला और उनके दावों को “झूठ” करार दिया।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान का समर्थन करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव लगातार बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन उनके दावे कभी सच साबित नहीं होते। उन्होंने कहा, “2022 में उन्होंने 400 सीटें जीतने की बात कही थी, 2024 में सरकार बनाने का दावा किया था और 2017 में भी इसी तरह के बयान दिए थे, लेकिन सब गलत साबित हुए। अखिलेश यादव 100 फीसदी झूठ बोलते हैं और उन्हें खुद नहीं पता कि कौन सी सीट जीतेंगे।” राजभर ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि अगर उन्हें राजनीति की इतनी समझ होती तो वे उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के सपने नहीं देखते।
वहीं भाजपा नेता और मंत्री अनिल राजभर ने भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि साल के 365 दिन जनता के बीच रहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए चौबीसों घंटे काम करती है। गौरतलब है कि यूपी में आगामी चुनावों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग और रणनीति को लेकर लगातार बयानबाजी जारी है, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
Patrakar sneha singh
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |