ट्विशा शर्मा केस: 13 दिन बाद आज होगा अंतिम संस्कार, दूसरे पोस्टमार्टम के बाद परिवार को मिली अनुमति
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। 13 दिन बाद आज शाम 5 बजे ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर किया जाएगा। इससे पहले भोपाल एम्स में दिल्ली एम्स की चार सदस्यीय मेडिकल टीम ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने अंतिम संस्कार की जानकारी देते हुए कहा कि परिवार लंबे समय से निष्पक्ष जांच और दूसरे पोस्टमार्टम की मांग कर रहा था। वहीं मां का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार अब भी मामले की सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा हुआ है।
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाया है कि पहले पोस्टमार्टम में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने दिल्ली एम्स मेडिकल बोर्ड को पत्र लिखकर निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच की मांग की थी। परिवार का कहना है कि पहले पोस्टमार्टम में कई पहलुओं की सही तरीके से जांच नहीं हुई, इसलिए दूसरे पोस्टमार्टम की जरूरत पड़ी। वहीं ट्विशा के भाई आशीष शर्मा ने कहा कि अंतिम संस्कार में कौन शामिल होगा, यह व्यक्तिगत श्रद्धा का विषय है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परिवार किसी को औपचारिक निमंत्रण नहीं दे रहा है।
यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ 25 मई को इस मामले की सुनवाई करेगी। सुप्रीम कोर्ट ने इसे “एक युवती की ससुराल में अप्राकृतिक मौत और कथित संस्थागत पूर्वाग्रह” से जुड़ा मामला बताते हुए सूचीबद्ध किया है। गौरतलब है कि नोएडा निवासी 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी समर्थ सिंह से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद ट्विशा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। 12 मई की रात परिवार से बातचीत के कुछ घंटों बाद उसकी मौत की खबर आई, जिसके बाद पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया।