Advertisement
सेंट्रल रेलवे ने बिना टिकट और अनधिकृत यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए अप्रैल 2026 में रिकॉर्ड कार्रवाई की है। रेलवे की टिकट चेकिंग टीमों ने सिर्फ एक महीने में 4.96 लाख यात्रियों को बिना वैध टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा। इन यात्रियों से कुल 40.85 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया, जो पिछले साल की तुलना में काफी अधिक है। रेलवे के अनुसार, अप्रैल 2025 में 4.04 लाख यात्री पकड़े गए थे और उस समय 25.03 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी।
रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा मामले मुंबई मंडल में सामने आए, जहां 2.27 लाख यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया और उनसे 16.13 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा भुसावल मंडल में 1.09 लाख मामलों से 12.23 करोड़ रुपये, पुणे मंडल में 0.52 लाख मामलों से 4.54 करोड़ रुपये और नागपुर मंडल में 0.58 लाख मामलों से 3.92 करोड़ रुपये की वसूली हुई। सोलापुर मंडल और मुख्यालय स्तर पर भी बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे ने बताया कि मुंबई और पुणे मंडल की लोकल ट्रेनों में भी बड़े पैमाने पर टिकट जांच अभियान चलाया गया। मुंबई की एसी लोकल ट्रेनों में ही 12,698 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए, जिनसे करीब 39.66 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, क्योंकि बिना टिकट यात्रा के खिलाफ उसकी “जीरो टॉलरेंस” नीति आगे भी जारी रहेगी।
Patrakar sneha singh
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |