Advertisement
झारखंड के गिरिडीह जिले में डुमरी-कुलगो टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब तीन ट्रकों की जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसा उस समय हुआ जब बगोदर से डुमरी की ओर जा रहा गुड़ से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मक्का लदा ट्रक आगे खड़े कोयला लदे ट्रक से जा भिड़ा और तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और दो ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गए।
हादसे के बाद सबसे भयावह स्थिति गुड़ लदे ट्रक में देखने को मिली, जहां चालक और खलासी अंदर ही फंस गए। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जलकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। वहीं, एक अन्य ट्रक चालक इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के चलते शुरुआती प्रयास नाकाम रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए टोल प्लाजा के पास यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार व लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
Patrakar sneha singh
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |