Advertisement
मध्य प्रदेश के गुना जिले में गुरुवार को सरकारी मंच पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने कलेक्टर किशोर कन्याल और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सीधे सवाल उठाए। विधायक ने कहा कि जनता केवल उन्हीं अफसरों को याद रखती है जो ठोस काम करते हैं, न कि जो सिर्फ कागजों में योजनाएं बनाते हैं। उन्होंने गुनिया नदी के पुनरुद्धार और अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दों पर प्रशासन को धरातल पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
विधायक शाक्य ने मंच पर दो-टूक शब्दों में कहा कि अफसरों को ‘डिस्मेंटल आफ्टर सूचना’ के मंत्र के साथ निर्भीक होकर काम करना चाहिए। उन्होंने पूर्व कलेक्टरों के उदाहरण दिए और कहा कि आज भी लोग उन अफसरों को याद करते हैं जिन्होंने मानस भवन जैसी संरचनाएं खड़ी की थीं। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि गुना की जनता के लिए ऐसा ठोस काम करें कि उन्हें याद रखा जाए।
इसके अलावा विधायक ने जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने एसडीएम को सलाह दी कि चैत्र नवरात्र के दौरान दुर्गा का स्वरूप धारण कर सख्ती से काम किया जाए। शाक्य ने चेतावनी दी कि अगर अफसर गंभीर होकर कार्रवाई नहीं करेंगे, तो नकारा अफसर आते-जाते रहेंगे और जिले की स्थिति कभी सुधर नहीं पाएगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |