Advertisement
रायसेन जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए विवादित वीडियो के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोप है कि युवकों ने ऐतिहासिक रायसेन किले की प्राचीर पर चढ़कर ईरान के समर्थन में नारे लगाए और वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। यह घटना रमजान के दौरान रोजा खोलने की सूचना देने के समय की बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठन ‘अपना रायसेन’ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया कि नारे आपत्तिजनक हैं और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने भी मामले पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों शादाब कुरैशी, यूसुफ शेख, बसीम खान और सलमान खान को पहचानकर गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के बाद पैदल जुलूस के रूप में न्यायालय में पेश किया। इस दौरान सभी आरोपी हाथों में हथकड़ी पहने और पुलिस सुरक्षा में न्यायालय पहुंचे, जिसे देखकर लोगों में चर्चा रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ या देश की भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो बनाने और उसे वायरल करने में और कौन-कौन शामिल था। हिंदू संगठनों ने भी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें कहा गया कि रायसेन किले से रोजा खोलने के लिए परंपरागत तोप चलाने की अनुमति जिला प्रशासन देता है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |