भारत के हाथ में इतिहास रचने का मौका, फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा टीम इंडिया
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को होने वाले टी20 विश्वकप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। मैच शाम सात बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम साढ़े छह बजे होगा। इस खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया के सामने बड़ी चुनौती है, क्योंकि टी20 विश्वकप के 19 साल के इतिहास में मेजबान टीम कभी चैंपियन नहीं बनी। अगर भारत फाइनल जीतता है, तो यह इतिहास में पहली बार होगा जब मेजबान टीम ट्रॉफी अपने नाम करेगी।
टी20 विश्वकप के पिछले 19 वर्षों में मेजबान या सह-मेजबान टीमों को सफलता नहीं मिली। 2007 में दक्षिण अफ्रीका, 2009 में इंग्लैंड, 2010 में वेस्टइंडीज, 2014 में बांग्लादेश और 2016 में भारत सहित कई देशों की मेजबानी में भी खिताब जीतने में विफलता रही। 2026 में भारत वह दूसरी मेजबान टीम है, जो फाइनल में पहुंची है, पहले श्रीलंका 2012 में ऐसा कर पाया था।
इतिहास को ध्यान में रखते हुए यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहने वाला है। भारत के पास न केवल खिताब जीतने का अवसर है, बल्कि टी20 विश्वकप में मेजबान टीमों के ‘तिलिस्म’ को तोड़ने का भी मौका है। अगर टीम इंडिया चैंपियन बनती है, तो यह खेल जगत में हमेशा याद रखने वाला पल होगा और देशवासियों के लिए गर्व का क्षण साबित होगा।