‘कृष्ण’ के रंग में रंगी यूपी की आईपीएस अंशिका वर्मा, बाड़मेर के बिश्नोई परिवार में होगी दुल्हन
उत्तर प्रदेश की बरेली में तैनात एसपी दक्षिणी आईपीएस अंशिका वर्मा का रिश्ता राजस्थान के बाड़मेर के नामी बिश्नोई परिवार से जुड़ गया है। उनका विवाह संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) के साथ तय हुआ है। दोनों परिवारों की आपसी बैठक और चर्चाओं के बाद शादी की तैयारी पूरी हो गई है। तीन दिवसीय वैवाहिक कार्यक्रम की बुकिंग हो चुकी है और कार्ड भी छप चुके हैं। कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस हैं और मुख्यमंत्री योगी के विश्वस्त अधिकारियों में शामिल हैं।
शादी का कार्यक्रम 28 मार्च से शुरू होगा। पहले दिन बाड़मेर स्थित कृष्ण निवास पर बरात का स्वागत होगा। 29 मार्च को विदाई समारोह रखा गया है, जबकि 30 मार्च को जोधपुर के एक रिसॉर्ट में विवाह का रिसेप्शन आयोजित होगा। बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य समेत कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी इस आयोजन में शामिल होंगे। इसके अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ राजनेता भी समारोह में उपस्थित रह सकते हैं। इस प्रकार यूपी और राजस्थान के चर्चित आईपीएस अधिकारियों की शादी यादगार और भव्य होने जा रही है।
आईपीएस अंशिका वर्मा 2021 बैच की अधिकारी हैं और मूल रूप से प्रयागराज की निवासी हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद सेल्फ स्टडी से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और सफलता पाई। बरेली में एसपी दक्षिणी के तौर पर उनकी तैनाती सितंबर 2024 में हुई थी। अंशिका महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम और तकनीकी आधारित पुलिसिंग में सक्रिय हैं। मार्च 2025 में उन्हें ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान के लिए वुमेन आइकन अवार्ड से सम्मानित किया गया था।