रीवा की बेटी समीक्षा द्विवेदी ने यूपीएससी में हासिल की 56वीं रैंक, जिले का बढ़ाया मान
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होते ही रीवा जिले में खुशी का माहौल है। जिले की बेटी समीक्षा द्विवेदी ने परीक्षा में 56वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनके इस शानदार प्रदर्शन पर परिवार, मित्र और पूरे समाज में उत्साह की लहर है। उनके मामा गोपाल कृष्ण तिवारी ने बताया कि समीक्षा की सफलता के पीछे उनकी कठोर मेहनत, अनुशासन और लगन ही मुख्य कारण हैं। दिन-रात की मेहनत के बाद उनका सपना आखिरकार साकार हुआ।
समीक्षा की शुरुआती पढ़ाई इंदौर में हुई। इसके बाद उन्होंने चेन्नई स्थित SRM Institute of Science and Technology से बीटेक की डिग्री पूरी की और आगे की पढ़ाई के लिए IIT Kanpur में प्रवेश लिया। पिछले चार-पांच वर्षों से वे लगातार यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं। इससे पहले वे दो बार इंटरव्यू तक पहुंच चुकी थीं, लेकिन अंतिम चयन सूची में जगह नहीं बना पाई थीं। पिछले साल वे महज आठ अंकों से चयन से चूक गई थीं, लेकिन इस बार उन्होंने अपनी मेहनत और रणनीति से सफलता हासिल कर ली।
समीक्षा के पिता श्रीनिवास द्विवेदी मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल में क्षेत्रीय अधिकारी हैं। उनका पैतृक गांव मऊगंज जिले का डगदुआ है। शादी के बाद उनके पति बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत हैं। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है, यह दिखाती है कि लगातार मेहनत और संघर्ष से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।