Video

Advertisement


टहलने निकली महिला पर आवारा कुत्तों का हमला, लोगों की सूझबूझ से बची जान
Stray dogs attack woman out for a walk, save her life due to people

शहर के बीटीआई रोड इलाके में आवारा कुत्तों के आतंक का मामला सामने आया है। यहां घर के बाहर टहलने निकली 65 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला प्रतिभा मोडक पर अचानक कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 10 बजे महिला सड़क किनारे टहल रही थीं, तभी वहां मौजूद पांच से छह आवारा कुत्तों ने उन्हें घेर लिया और अचानक उन पर झपट पड़े। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।

हमले के दौरान घबराई महिला ने खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों ने उन्हें काट लिया और धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। गिरने के बाद कुत्तों का झुंड और आक्रामक हो गया और उन्हें घेरकर काटने लगा। इसी बीच आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर हस्तक्षेप किया और पत्थर फेंककर कुत्तों को भगाया। काफी प्रयास के बाद महिला को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया जा सका।

 

हमले में महिला के पैरों में कई जगह गहरे घाव हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार करते हुए एंटीबायोटिक दवाइयों के साथ रेबीज के इंजेक्शन लगाए। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर डर और नाराजगी है, वहीं नागरिकों ने नगर पालिका से इस समस्या पर जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।

Priyanshi Chaturvedi 6 March 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.