UPSC CSE 2025: रीवा, खंडवा और भोपाल के उम्मीदवारों ने दिखाई दमखम
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। कोटा (राजस्थान) के अनुज अग्निहोत्री ने टॉप किया, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमशः राजेश्वरी सुवे एम और आकांश धुल रहे। इस परीक्षा में कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है, जिनमें IAS, IFS, IPS और अन्य ग्रुप ‘A’ व ‘B’ सेवाएं शामिल हैं।
मध्य प्रदेश के उम्मीदवारों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। रीवा के रोमिल द्विवेदी को AIR 27 मिली, खंडवा की रूपल धनंजय जायसवाल ने 43वीं रैंक हासिल की, जबकि भोपाल के क्षितिज ने 58वीं रैंक पाई। UPSC की परीक्षा अगस्त 2025 में लिखित और दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच इंटरव्यू के आधार पर संपन्न हुई। फिलहाल 348 उम्मीदवारों का चयन प्रोविजनल रखा गया है और दो उम्मीदवारों का परिणाम रोका गया है।
श्रेणीवार चयन में सामान्य वर्ग के 317, ईडब्ल्यूएस 104, ओबीसी 306, एससी 158 और एसटी 73 उम्मीदवार शामिल हैं। इस साल के टॉपर्स में अन्य नामों में राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर और जिनिया अरोड़ा भी शामिल हैं। मध्य प्रदेश के उम्मीदवारों की इस सफलता ने राज्यवासियों में गर्व का माहौल बना दिया है।