IGNOU ने जनवरी 2026 सत्र के पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाई, अब 15 मार्च तक आवेदन संभव
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जनवरी 2026 सत्र के ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) कार्यक्रमों के लिए पंजीकरण और पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 मार्च 2026 कर दी है। इच्छुक छात्र इग्नू समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने पहली बार आवेदन करने वाले और दोबारा पंजीकरण (Re-registration) करने वाले सभी छात्रों को निर्धारित लॉगिन लिंक के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।
आवेदन करते समय छात्रों को जरूरी दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करने होंगे, जिनमें फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) और श्रेणी प्रमाण पत्र (एससी/एसटी/ओबीसी) शामिल हैं। सभी दस्तावेज निर्धारित आकार (100–200 KB) के अनुसार अपलोड किए जाने चाहिए। आवेदन शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से, जैसे क्रेडिट/डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग, के जरिए भुगतान किया जा सकता है।
पुनः पंजीकरण के लिए छात्रों को इग्नू की वेबसाइट पर जाकर Re-registration लिंक पर लॉगिन करना होगा, आवश्यक जानकारी भरनी होगी और शुल्क का भुगतान करना होगा। विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और किसी भी अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करें।