Advertisement
सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक चल रहे धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मेले के समापन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लौटने की संभावना को देखते हुए भोपाल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। स्टेशन परिसर में एक साथ करीब 10 हजार यात्रियों को संभालने के लिए विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण प्रभावी ढंग से किया जा सके।
मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक के निर्देशन में भोपाल मंडल अलर्ट मोड पर है। स्टेशन पर अतिरिक्त आरपीएफ और जीआरपी जवान तैनात किए गए हैं। प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज और टिकट काउंटरों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। डॉग स्क्वाड के जरिए ट्रेनों, वेटिंग हॉल और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार जांच की जा रही है, वहीं ड्रोन कैमरों से 24 घंटे स्टेशन परिसर पर नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जा रहे हैं और टिकट वितरण प्रक्रिया तेज की गई है। मेले के दौरान भोपाल-उज्जैन के बीच प्रतिदिन तीन जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुगम हो सके। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखें, संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत सूचना दें और जांच में सहयोग करें।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |