Advertisement
मध्य प्रदेश के मैहर में शुक्रवार सुबह कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ पुतला दहन के बीच ट्रैफिक टीआई विक्रम सिंह पाठक आग की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे अधिकारी को तुरंत सिविल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जरूरत पड़ने पर उन्हें जबलपुर रेफर किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।
प्रदर्शन कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेश घई के नेतृत्व में किया जा रहा था। कार्यकर्ता मंत्री विजयवर्गीय के उस कथित बयान का विरोध कर रहे थे, जिसमें नेता प्रतिपक्ष Umang Singhar के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। सुबह करीब 9:30 बजे अनुमति के साथ पुतला दहन शुरू हुआ। इसी दौरान आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी आग बुझाने और सुरक्षा संभालने की कोशिश कर रहे थे, तभी लपटें भड़क उठीं और टीआई की वर्दी में आग लग गई। उनकी कमर, पीठ, जांघ और हाथ बुरी तरह झुलस गए। मैहर एसपी ने घटना पर दुख जताते हुए सार्वजनिक स्थानों पर ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग को बेहद खतरनाक बताया है और पूरे मामले की जांच की बात कही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |