Advertisement
राहुल गांधी ने शुक्रवार 20 फरवरी को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित MP/MLA कोर्ट में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया। यह मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ 2018 में दिए गए कथित विवादित बयान से जुड़ा है। राहुल गांधी करीब 20 मिनट तक कोर्ट में रहे। अदालत ने उन्हें दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 313 के तहत व्यक्तिगत रूप से पेश होकर बयान देने का अंतिम अवसर दिया था। अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 मार्च को होगी।
यह पूरा प्रकरण 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान बेंगलुरु में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़ा है, जहां राहुल गांधी ने उस समय भाजपा अध्यक्ष रहे अमित शाह पर टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी की टिप्पणी से अमित शाह की छवि को नुकसान पहुंचा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे और वहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुल्तानपुर कोर्ट गए। कोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिसके मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बयान दर्ज कराने के बाद राहुल गांधी अदालत परिसर से रवाना हो गए।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |