मायावती ने यूपी चुनाव अकेले लड़ने का किया एलान, गेस्ट हाउस कांड को याद कर दी चेतावनी
बसपा सुप्रीमो मायावती ने राजधानी लखनऊ में बुधवार को यूपी विधानसभा चुनाव में बसपा अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में लड़ने की खबर फेक न्यूज है और पार्टी पूरी तरह अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। मायावती ने कहा कि कांग्रेस, सपा और भाजपा जैसी पार्टियों की सोच संकीर्ण और अंबेडकर विरोधी है, जो लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की अफवाहें फैलाती रहती हैं। उनका मानना है कि बसपा समर्थक और कार्यकर्ता हाथी की मस्त चाल चलकर 2007 की तरह फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में जुटें।
सुप्रीमो ने यह भी कहा कि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के बजाय आजकल ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ को सफलता की कुंजी बताने की स्वार्थी चर्चाएं चल रही हैं। मायावती ने चेताया कि चुनाव के पास आने पर उनके खिलाफ साजिशें और बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अंबेडकरवादियों को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आत्म-सम्मान आंदोलन को मजबूत करने का काम जारी रखना चाहिए।
मायावती ने दिल्ली के बंगले पर सुरक्षा के मामले पर भी बात की। उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद उन्हें टाइप-8 बंगला अलाट किया गया है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने गेस्ट हाउस कांड का भी जिक्र किया और बताया कि 2 जून 1995 को उस घटना में उन पर जानलेवा हमला हुआ था। इसके बाद जून 1995 में बसपा की पहली सरकार बनी थी, और तब से सुरक्षा खतरा कम नहीं हुआ है।