Advertisement
राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक बड़ा नवाचार किया है। अब छात्र मोबाइल ऐप के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे और फीस का भुगतान भी ऑनलाइन कर पाएंगे। इससे विद्यार्थियों को कियोस्क सेंटर के चक्कर, लंबी कतारों और अतिरिक्त शुल्क से राहत मिलेगी। इस पहल के साथ राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है, जिसने विद्यार्थियों के लिए समर्पित मोबाइल ऐप लॉन्च किया है।
विश्वविद्यालय द्वारा “आरआरएसयू छिंदवाड़ा” मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया, जिसकी जानकारी कुलगुरु प्रो. इंद्र कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए लॉगिन कर परीक्षा फॉर्म और फीस जमा कर सकेंगे। भविष्य में इसी ऐप के माध्यम से परीक्षा परिणाम और डिजिटल अंकसूची भी उपलब्ध कराई जाएगी। ऐप के उपयोग को लेकर विद्यार्थियों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे आसानी से इसका लाभ उठा सकें।
कुलगुरु प्रो. इंद्र कुमार त्रिपाठी ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय ने शोध को प्रोत्साहित करने के लिए श्री बादलभोई फैलोशिप और कुं रघुनाथ शाह फैलोशिप शुरू करने का निर्णय लिया है। इन फैलोशिप के तहत भारतीय इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, साहित्य, शिक्षा, ज्ञान-विज्ञान परंपरा, संस्कृति और तकनीक जैसे विषयों पर शोध करने वाले शोधार्थियों को एक वर्ष तक आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे विश्वविद्यालय में शोध और अकादमिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |