Advertisement
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार को आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में सियासत और क्रिकेट का दिलचस्प संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा शामिल हुए। इस मौके पर राजनीतिक मंच के अनुभवी खिलाड़ी शिवराज सिंह चौहान ने क्रिकेट की पिच पर भी अपना हुनर दिखाया। जडेजा की गेंद पर आगे बढ़ते हुए लगाए गए उनके शानदार शॉट ने पूरे पवेलियन को तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा दिया।
खास बात यह रही कि शिवराज के इस शॉट की सराहना खुद गेंदबाजी कर रहे रविंद्र जडेजा ने भी की और ताली बजाई। शिवराज सिंह चौहान ने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया, जिसमें वे बल्ला थामे नजर आते हैं और सामने से जडेजा गेंदबाजी करते दिखते हैं। बाउंड्री की ओर गया यह शॉट दर्शकों के लिए खास आकर्षण बन गया और स्टेडियम में मौजूद हजारों लोग उत्साह से झूम उठे।
मैच के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने रविंद्र जडेजा की जमकर तारीफ करते हुए कहा, “जडेजा यानी जज्बा, जडेजा यानी जुनून और जडेजा यानी जीत।” उन्होंने कहा कि जडेजा गेंदबाजी में विकेटों की झड़ी लगा दें या बल्लेबाजी में रनों का अंबार, हर फॉर्मेट में वे फिट बैठते हैं। गौरतलब है कि इसी आयोजन में सांची और सिलवानी विधानसभा के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसके लिए कबड्डी खेल मैदान को अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का रूप दिया गया था। फाइनल की विजेता टीम को ट्रॉफी रविंद्र जडेजा ने प्रदान की, जिसे देखने हजारों दर्शक मैदान में उमड़े।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |