Video

Advertisement


भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस का हमला
Congress, attacks, India-US, trade, deal

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील की घोषणा के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने X पर पोस्ट कर कहा कि “वॉशिंगटन में मोगैम्बो खुश है, ऐसा लग रहा है कि PM मोदी ने आखिरकार हार मान ली है।” कांग्रेस का आरोप है कि भारत को अपनी ही सरकार के फैसलों की जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प या उनके प्रतिनिधियों से मिल रही है, जो अब एक रूटीन बनता जा रहा है। पार्टी ने इसे सीजफायर की घोषणा की तरह बताया, जहां पहले ट्रम्प ने ऐलान किया और बाद में भारत की प्रतिक्रिया सामने आई।

 

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि क्या इस ट्रेड डील के तहत मोदी सरकार रूस से दूरी बनाने पर राजी हो गई है। पार्टी का कहना है कि ट्रम्प ने दावा किया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा और अमेरिका व वेनेजुएला से तेल खरीदेगा। अगर ऐसा है तो ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत का क्या होगा। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रम्प के सामने दबाव में नजर आते हैं और अब दोनों नेताओं के बीच पहले जैसी सहजता भी दिखाई नहीं देती।

 

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर भारत-अमेरिका ट्रेड डील की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया गया है। ट्रम्प ने दावा किया कि भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से ज्यादा का सामान खरीदेगा और रूस से तेल खरीदना बंद करेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी X पर पोस्ट कर टैरिफ घटाने के फैसले का स्वागत किया और इसे भारत के 1.4 अरब लोगों के लिए सकारात्मक कदम बताया। हालांकि कांग्रेस का कहना है कि इस डील के कई पहलुओं पर सरकार को देश के सामने साफ जवाब देना चाहिए।

Priyanshi Chaturvedi 3 February 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.