Advertisement
हर वर्ष की तरह इस बार भी मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले स्थित बागेश्वरधाम में भव्य कन्या विवाह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, लेकिन इस बार आयोजन खास तौर पर ऐतिहासिक होने जा रहा है। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सान्निध्य में होने वाला यह सप्तम कन्या विवाह महोत्सव अब राष्ट्रीय नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है। पहली बार नेपाल की एक बेटी भी बागेश्वरधाम से विवाह के पवित्र बंधन में बंधेगी। महाशिवरात्रि के अवसर पर होने वाले इस सामूहिक विवाह में कुल 300 बेटियों का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
रविवार को बागेश्वरधाम में वर-वधु पक्ष को बुलाकर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने विवाह की शुरुआती सामग्री भेंट की। इसमें वधुओं के लिए लहंगा, चुनरी और वरों के लिए शेरवानी, टोपी, वरमाला सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल रही। इस दौरान शास्त्री ने अंतरराष्ट्रीय विवाह सम्मेलन को लेकर नियम-कायदों, पहनावे और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने समधियों को समझाइश देते हुए कहा कि बहू को बेटी की तरह रखें, ताकि किसी भी प्रकार की शिकायत न आए। कार्यक्रम के दौरान माहौल हल्का-फुल्का रहा, जहां महाराज ने कुछ समधियों के साथ हंसी-मजाक भी किया।
पं. धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि प्रत्येक वर-वधु के नाम से संयुक्त रूप से 30 हजार रुपये की एफडी कराई जाएगी, जिसे 5 वर्ष से पहले नहीं तोड़ा जा सकेगा। दूर-दराज से आने वाली बेटियों को 14 फरवरी तक धाम पहुंचने की सलाह दी गई है। व्यवस्थाओं की बात करें तो वर और वधु पक्ष को अलग-अलग वाहन पास, प्रवेश कार्ड और 25-25 सदस्यों के लिए भोजन कूपन दिए गए हैं। साथ ही वर-वधु मंडप और भोजन के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि विवाह समारोह सुव्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |