Advertisement
मध्यप्रदेश समेत देशभर के सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के दाम अचानक नीचे आ गए हैं। बीते तीन महीनों की लगातार तेजी के बाद पिछले चार दिनों से भावों में तेज गिरावट देखने को मिल रही है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर जैसे प्रमुख शहरों में सोना और चांदी अपने ऊपरी स्तर से फिसल चुके हैं। जहां चांदी एक समय 4.20 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी, वहीं अब यह करीब 2.40 लाख रुपये पर आ गई है। वहीं सोना भी 1.75 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर करीब 1.45–1.50 लाख रुपये पर आ गया है।
इस गिरावट को लेकर बाजार में इसे ‘गोल्ड-सिल्वर प्राइस क्रैश’ कहा जा रहा है, लेकिन एक्सपर्ट इसे क्रैश मानने से इनकार कर रहे हैं। एमपी के सर्राफा विशेषज्ञ नवनीत कुमार का कहना है कि यह गिरावट दरअसल बाजार का ‘करेक्शन फेज’ है, जो लंबे समय की तेजी के बाद आना स्वाभाविक और जरूरी होता है। ग्लोबल मार्केट का दबाव, डॉलर की मजबूती, मुनाफावसूली, बजट के आसपास निवेशकों की सतर्कता और MCX में वायदा कारोबार में बिकवाली इसके प्रमुख कारण हैं। खासकर चांदी पर असर ज्यादा दिखा है क्योंकि इसका इस्तेमाल उद्योगों में भी होता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक यह करेक्शन हेल्दी मार्केट का संकेत है, न कि खतरे की घंटी। चांदी में करीब 35 से 40 फीसदी और सोने में करीब 14 फीसदी तक की गिरावट को करेक्शन माना जा रहा है। बाजार जानकारों का अनुमान है कि यह दौर कुछ समय और चल सकता है और मार्च के बाद सोना-चांदी एक बार फिर नई तेजी दिखा सकते हैं। फिलहाल शॉर्ट टर्म निवेशकों को सतर्क रहने और जल्दबाजी से बचने की सलाह दी जा रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |