Advertisement
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगों ने आरटीओ के ई-चालान की आड़ में बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। मुरार इलाके में रहने वाले एक लैब तकनीशियन को व्हाट्सएप पर परिवहन विभाग के नाम से एपीके फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड करते ही ठगों ने उनके बैंक खाते से जमा रकम उड़ा ली और उनके नाम पर जंबो व इंस्टेंट लोन लेकर कुल 6.56 लाख रुपये की ठगी कर डाली।
काशीपुरा, मुरार निवासी शिवनारायण धाकड़ ने बताया कि करीब 20 दिन पहले उन्हें ई-चालान से जुड़ी एक फाइल मिली थी, जिसे उन्होंने किसी ट्रैफिक नियम उल्लंघन से जुड़ा समझकर खोल लिया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन 22 जनवरी की शाम जब पेटीएम से खाते का बैलेंस चेक किया तो सिर्फ 1 रुपये जमा दिखा। जबकि खाते में पहले 90,013 रुपये थे। बैंक पहुंचने पर पता चला कि पूरा खाता खाली हो चुका है और उनके नाम से 5 लाख का जंबो लोन व 66,703 रुपये का इंस्टेंट लोन भी ले लिया गया है।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने ई-जीरो पोर्टल पर एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम हरियाणा के पानीपत में विशाल कुमार नाम के युवक के खाते में ट्रांसफर की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक टीम हरियाणा भेजने की तैयारी शुरू कर दी है और साइबर ठगों की तलाश जारी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |