Advertisement
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली के बंगा भवन के बाहर भारी पुलिस तैनाती पर कड़ा विरोध जताया। सोमवार को सुरक्षाकर्मियों से मुखातिब होते हुए उन्होंने साफ कहा कि वह राजधानी में किसी आंदोलन के लिए नहीं आई हैं, बल्कि चुनावी सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने आई हैं। ममता ने कहा कि बंगाल से आए लोगों के साथ संवेदनशीलता से पेश किया जाना चाहिए और उन्हें डराया-धमकाया नहीं जाए।
ममता बनर्जी रविवार को दिल्ली पहुंचीं और बंगा भवन में ठहरे उन परिवारों से मिलीं, जो एसआईआर प्रक्रिया से प्रभावित हुए हैं। भवन के बाहर भारी पुलिस बल देखकर वह नाराज हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां-जहां प्रभावित परिवार ठहरे हैं, वहां दिल्ली पुलिस तैनात कर दी गई है। मीडिया से बातचीत में ममता ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है और चुनाव आयोग के साथ बैठक तय है, ऐसे में लोगों को परेशान करने का कोई औचित्य नहीं है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने तानाशाही का आरोप लगाया और कहा कि आम लोगों पर अत्याचार हो रहा है। उन्होंने दिल्ली की तुलना जमींदारी व्यवस्था से की और कहा कि यहां गरीबों के लिए कोई जगह नहीं है। ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात करेंगी और पहले ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर चुकी हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |