Advertisement
रेल बजट 2026 में मध्यप्रदेश के रेलवे नेटवर्क को और सुरक्षित बनाने पर खास जोर दिया गया है। रेल हादसों की रोकथाम के लिए कवच (ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम), सिग्नलिंग और टेलीकॉम सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए 7,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रेल अधिकारियों के मुताबिक कवच सिस्टम से ट्रेन टक्कर और मानवीय भूल से होने वाले हादसों में बड़ी कमी आएगी। साथ ही गेज कन्वर्जन का बजट 4,284 करोड़ से बढ़ाकर 4,600 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
रेल अधिकारियों ने बताया कि कवच एक आधुनिक सुरक्षा प्रणाली है, जिस पर 2012 से काम चल रहा है और इसे आरडीएसओ ने विकसित किया है। ग्वालियर, झांसी, आगरा समेत अन्य स्टेशनों को मिलने वाली सौगात का खुलासा पिंक बुक जारी होने के बाद होगा। संभावना है कि पिंक बुक 2 फरवरी को जारी की जाएगी। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के अनुसार, इसके बाद एनसीआर को मिले बजट और ग्वालियर को मिलने वाली सुविधाओं की पूरी जानकारी सामने आएगी।
आम बजट में रेलवे के साथ-साथ अन्य अहम घोषणाएं भी की गई हैं। केंद्र सरकार ने 20 हजार से अधिक पशु चिकित्सकों की उपलब्धता की बात कही है, जिससे जिलों में डॉक्टरों की कमी दूर होने की उम्मीद है। इसके अलावा वीजीएफ/पुंजीगत सहायता से हर जिले में एक महिला छात्रावास बनाया जाएगा। वहीं 15,000 माध्यमिक विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित होंगी। ग्वालियर जिले में भी दो स्कूलों और एक कॉलेज में ऐसी लैब, साथ ही उच्च शिक्षा के एसटीईएम संस्थानों में महिला छात्रावास बनने की उम्मीद है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |