Advertisement
देश के उत्तरी इलाकों में एक बार फिर भीषण सर्दी लौट आई है। शनिवार सुबह दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। यूपी, एमपी, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में न्यूनतम तापमान 4 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।
पहाड़ी राज्यों में ठंड और भी जानलेवा रूप में सामने आई है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में भारत-नेपाल-चीन सीमा के पास कालापानी इलाके में तापमान माइनस 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालात ऐसे हैं कि कुछ देर बाहर रहने पर आंखों में पानी तक जम जा रहा है। सशस्त्र सीमा बल के जवान स्पेशल ग्लास लगाकर गश्त कर रहे हैं, जबकि नदी-नाले और झरने पूरी तरह जम चुके हैं। 23 जनवरी के बाद हुई भारी बर्फबारी से नलों का पानी भी जम गया है और जवानों को बर्फ पिघलाकर पीने का पानी जुटाना पड़ रहा है।
मैदानी इलाकों में कोहरे ने यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण 11 वाहन आपस में टकरा गए, वहीं हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश के कई जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। 2 और 5 फरवरी को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से एमपी, हरियाणा और आसपास के इलाकों में मौसम और बिगड़ने के आसार हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |