Advertisement
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने देश के अलग-अलग हिस्सों में क्रिसमस के दौरान हुई कथित तोड़फोड़ और हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं केवल ईसाई समुदाय पर हमला नहीं हैं, बल्कि भारत की साझा संस्कृति, परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार हैं। थरूर ने चिंता जताते हुए कहा कि कुछ राज्यों में क्रिसमस 2025 “डर और चिंता” के माहौल में मनाया गया, जो बेहद चिंताजनक है।
शशि थरूर ने केरल के पलक्कड़ जिले के पुडुस्सेरी इलाके में एक क्रिसमस कैरल ग्रुप पर हुए कथित हमले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस घटना में एक बीजेपी कार्यकर्ता पर हमला और तोड़फोड़ करने के आरोप लगे हैं, जिससे पूरा राज्य स्तब्ध है। थरूर ने कहा कि जहां केरल में ज्यादातर जगहों पर त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया, वहीं देश के अन्य हिस्सों से सामने आई घटनाएं असहिष्णुता के बढ़ते चलन की ओर इशारा करती हैं।
थरूर ने कहा कि जब हमारी परंपराओं और पूजा की स्वतंत्रता पर हमला होता है, तो केवल ईसाई समाज ही नहीं, बल्कि हर भारतीय प्रभावित होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से ईसाई समुदाय के साथ एकजुटता दिखाने की अपील की। अपने अनुभव साझा करते हुए थरूर ने कहा कि चर्चों में जाना और लोगों के साथ त्योहार मनाना उनके लिए हमेशा सुखद रहा है और सांसद होने के नाते अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के साथ खड़ा रहना उनकी बुनियादी जिम्मेदारी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |