Advertisement
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की आज पहली पुण्यतिथि है। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक दूरदर्शी, ईमानदार और विनम्र नेता के रूप में याद किया। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व ने भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को मजबूती दी। उनका निधन 26 दिसंबर 2024 को दिल्ली में हुआ था और 28 दिसंबर को निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने देश को आर्थिक संकट से बाहर निकाला और एक दशक तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का सफल नेतृत्व किया। शिवकुमार ने कहा कि 2005 का सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम था, जबकि मनरेगा के जरिए उन्होंने काम की गरिमा को बनाए रखा। उनके नेतृत्व में सुधार, करुणा और जिम्मेदारी के बीच संतुलन दिखाई दिया।
इस मौके पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने भी डॉ. मनमोहन सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि आज देश आर्थिक सुधारों के वास्तुकार और विश्व प्रसिद्ध अर्थशास्त्री की पुण्यतिथि मना रहा है। सुप्रिया सुले ने कहा कि भारत उन्हें ऐसे नेता के रूप में याद करता रहेगा, जिन्होंने राष्ट्र और उसकी संस्थाओं को राजनीति से ऊपर रखा और निस्वार्थ भाव से देश की सेवा की।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |