Advertisement
नीतीश सरकार ने बाहुबली विधायक अनंत सिंह को नया सरकारी आवास आवंटित किया है, लेकिन यह घर उनके पुराने लग्जरी बंगले जैसा बिल्कुल नहीं है। मोकामा विधायक को इस बार मिलर स्कूल मैदान के पीछे बने सेकंड फेज विधायक फ्लैट्स में डुप्लेक्स (8/11) दिया गया है। छोटे आकार और सीमित सुविधाओं वाले इस फ्लैट में न तो पशुपालन की गुंजाइश है और न ही 8–10 गाड़ियों वाले उनके विशाल काफिले के लिए जगह, जिसके कारण यह बदलाव राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
पुराने माल रोड स्थित बंगले में अनंत सिंह की जीवनशैली पूरी तरह झलकती थी—दो बड़े मैदान, दर्जनों गाड़ियों की पार्किंग और गाय-भैंस व घोड़ों के लिए पर्याप्त जगह। यह बंगला किसी हवेली से कम नहीं था और वर्षों से उनके बाहुबली तेवर का प्रतीक बना हुआ था। इसके विपरीत नया डुप्लेक्स फ्लैट सीमित जगह वाला है, जिसमें सिर्फ एक गाड़ी पार्क करने की सहूलियत है और बाकी वाहनों को सड़क पर खड़ा करना सुरक्षा के लिहाज से भी चुनौतीपूर्ण होगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या अनंत सिंह वास्तव में नए फ्लैट में रहेंगे या फिर पुरानी हवेली का मोह छोड़ नहीं पाएंगे। रोचक बात यह है कि पुराने बंगले पर आज भी उनकी पत्नी नीलम देवी का बोर्ड लगा है और पिछली बार नया आवास मिलने के बावजूद परिवार ने पुराना बंगला नहीं छोड़ा था। ऐसे में देखना होगा कि अनंत सिंह अपनी भव्य हवेली से बाहर निकलने को तैयार होंगे या नहीं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |