Advertisement
कोलार जोन-18 और 19 में कार्यरत नगर निगम के दैनिक वेतन भोगी (दैवेभो) की हड़ताल सोमवार को भी जारी रहेगी। 20 जून से नियमितीकरण की मांग को लेकर गेहूंखेड़ा स्थित जोन-18 के कार्यालय के सामने बैठे ननि कर्मचारियों की कोई सुध नहीं ले रहा। शनिवार को कर्मचारियों ने ननि आयुक्त अविशान लावनिया से भी मुलाकात की। ननि आयुक्त ने कहा कि ऐसा कोई आदेश दिखाओ जिसमें लिखा हो कि आप लोग 89 दिन के कर्मचारी हैं, जिन्हें भविष्य में नियमित किया जाएगा। इस पर कर्मचारियों ने कहा कि कोलार नगर पालिका थी। नगर निगम में शामिल होने के बाद कर 300 कर्मचारियों को नगर निगम वार्डों में कार्य करने के लिए पदस्थ कर दिया। मंडीदीप और औबेदुल्ला नगर पालिका है। वहां के कर्मचारियों को कैसे नियमित कर दिया। इसी तरह कोलार जोन-18 और 19 समेत अन्य जोनों में काम कर रहे दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा।
साधना रिछारिया, पकंज खरे व दीपक सहित अन्य दैवेभो कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम आयुक्त से नियमितीकरण का कोई आश्वासन नहीं मिला है। अब आर-पाल की लड़ाई लड़ेंगे। शासन ने मंडीदीप और औब्बेदुल्ला नगर पालिका के कर्मचारियों को कैसे नियमित किया है, उसी के आधार पर नियमितीकरण की मांग पर हड़ताल जारी रहेगी।
बारिश के बाद दलदल हुई सड़कों पर ननि कर्मचारी हड़ताल पर होने से मुरम तक नहीं बिछ पा रही। सड़कों पर भरा बारिश व सीवेज का पानी नहीं निकाला जा रहा। प्रॉपर्टी व जल कर जमा नहीं हो पा रहा। कोलार में साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ रही। समय पर टैंकर नहीं पहुंच रहे, रिक्शा कचरा उठाने घर-घर तक नहीं आ रहे।
ननि कर्मचारियों को समर्थन देने व नियमितीकरण की मांग को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंचाने के लिए विधायक रामेश्वर शर्मा और महापौर आलोक शर्मा अब तक सामने नहीं आए। वार्ड पार्षदों ने शुरुआत में हड़ताल का समर्थन जरूर किया था। लेकिन, अब वो भी ननि कर्मचारियों के साथ धरने पर नजर नहीं आ रहे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |