Advertisement
मिसरोद बायपास इलाके में सड़क पर खड़ी बाइक में पीछे से तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। बुधवार शाम को हुए इस हादसे में बाइक में पीछे बैठी एक महिला की मौत हो गई,जबकि एक अन्य महिला और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के बारे में अहम साक्ष्य हासिल कर लिए हैं।
मिसरोद पुलिस के मुताबिक बाबई तहसील के बुधनी गांव निवासी रामेश्वर दुबे की चचेरी बहन राधा बाई (46) नूरगंज जिला रायसेन में रहती हैं। राधा बाई के बड़े बेटे सौरभ के रिश्ते की बात खरबई गांव के एक परिवार में चल रही थी। इसके लिए रामेश्वर अपनी बहन राधा शर्मा और पत्नी सीमा दुबे (42) को लेकर बाइक से बुधवार को बाइक से खरबई गया था। वहां शादी के लिए लड़की देखने के बाद तीनों वापस लौट रहे थे। रामेश्वर के मुताबिक शाम करीब 5ः30 बजे वे लोग मिसरोद बायपास रोड से गुजर रहे थे। इस दौरान महिलाओं ने टॉयलेट जाने के लिए बाइक रुकवाई। रामेश्वर ने परिहार ढाबा के सामने डिवाइडर के पास बाइक खड़ी कर दी। टॉयलेट जाकर वापस लौटकर ननद,भाभी बाइक पर बैठ रही थी,तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर बैठे तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। तीनों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया गया,जहां डॉक्टर ने सीमा दुबे को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में रामेश्वर के सिर में गंभीर चोट लगी है और पैरों में भी फ्रेक्चर है। हादसे में बुरी तरह जख्मी राधा बाई की हालत नाजुक बनी हुई है।
छोटे-मोटे काम करके परिवार का गुजारा कर रहे रामेश्वर का हादसे के बाद बुरा हाल है। होशंगाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती रामेश्वर ने बताया कि इस हादसे से उसका पूरा परिवार तबाह हो गया है। उसने बताया कि कार की रफ्तार करीब 100 किमी. प्रति घंटा रही होगी। उसे तो कुछ समझ ही नहीं आया। अस्पताल में जब होश आया तो पता चला कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। उसके चार बच्चे शुभम(18),शिवानी(16),दिव्यांशी(14) और कृष्णकांत(12) हैं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |