Advertisement
कोलार में 22 वर्षीय नवविवाहिता ने शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका ने आत्महत्या से पहले छोटी बहन को दोपहर ढाई बजे कॉल करके ससुराल वालों द्वारा परेशान करने की बात कही थी। छोटी बहन ने जब रात साढ़े 9 बजे जीजा को फोन किया तो उसने बताया कि बहन ने फांसी लगा ली है। मायके पक्ष ने मृतका के पति, जेठ-जेठानी और सास-ससुर पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाकर बहन की हत्या कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पीएम कर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। आगे की जांच जारी है।
कोलार पुलिस के अनुसार मूलतः सोहागपुर (होशंगाबाद) की रहने वाले 22 वर्षीय सीमा गुर्जर की शादी 6 मार्च 2017 को सौरभ कॉलोनी कोलार निवासी चेन सिंह गुर्जर से हुई थी। सीमा बीएससी कम्प्यूटर सांइस की पढ़ाई कर चुकी थी। उसका पति एक निजी कंपनी में सेल्समैन है। सीमा ससुर तुलसीराम, सास मुन्नीदेवी, जेठ दयाशंकर और जेठानी वंदना के साथ रहती थी। उसने शुक्रवार साढ़े नौ बजे अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मृतका को फांसी पर लटकते हुए उसके ससुराल वालों ने बाथरूम की खिड़की से देखा। जिसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर उसको फंदे से उतारा और जेके अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां रात 11 बजे उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर सीमा के शव का पंचनामा बनाया और पीएम के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया।
बहन बोलीः दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे ससुराल वाले
मेरी सीमा से शुक्रवार दोपहर में ढाई बजे आखिरी बार बात हुई। छोटे भाई का 4 अप्रैल को बर्थ डे हैं। वह उसमें आने का बोल रही थी। बात करने के दौरान सीमा ने बताया कि उसकी सास मुन्नी देवी उसको दहेज कम देने को लेकर उस समय प्रताड़ित कर रही थी। वह मेरे साथ हमेशा ससुराल की प्रताड़ना की बात साझा किया करती थी। उसने बताया था उसके जेठ,जेठानी, सास और ससुर उसको दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। हमारे पिता की मृत्यु हो चुकी है। मां ने सिलाई करके हम छह बहनों में चार की शादी की थी। सीमा चौथे नंबर की थी। सबसे छोटा भाई है। शादी में हमने छह तोला सोना, पल्सर बाइक, टीवी, वाशिंग मशीन दी थी। उसके बाद वे लोग कार की मांग को लेकर सीमा को प्रताड़ित कर रहे थे। मुझे आशंका है कि मेरी बहन की हत्या कर उसको फांसी पर लटकाया गया है।
सीमा और उसकी छोटी बहन सपना का जन्मदिन 10 अप्रैल को एक ही दिन आता है। सपना से सीमा दो साल बड़ी थी। दोनों सहेलियों की तरह बर्ताव करती थी। सीमा अपनी बहन से हर बात साझा करती थी। वह हमेशा नौकरी करने की बात करती थी। कम्प्यूटर साइंस से स्नातक होने के बाद भी ससुराल वाले उसको मोबाइल तक नहीं रखने देते थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |