Advertisement
कोलार के कुछ लोगों का केरवा के पानी का इंतजार शुक्रवार को खत्म हो गया। 52.10 करोड़ की केरवा पेयजल योजना के लोकार्पण के 11 वें दिन कान्हाकुंज फेस-2 और अमरनाथ कॉलोनी के दो दर्जन घरों में शुक्रवार पानी पंद्रह-पंद्रह मिनट के लिए टेस्िटग के तौर पर सप्लाई की गई। बंजारी दशहरा मैदान और पैलेस आर्चर्ड की टंकियों में एक-एक मीटर पानी भरकर घरों तक पानी सप्लाई शुरू की गई। साथ ही ननि अफसरों ने रहवासियों से अभी दो से तीन दिनों तक पानी का इस्तेमाल पीने के लिए नहीं करने की अपील की। क्योंकि अभी पानी मटमैला है। केरवा पेयजल योजना का काम कर रही नीति इंफ्रा एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित निगम ने बताया कि कान्हाकुंज फेस-2 के 12 घरों और अमरनाथ कॉलोनी में भी इतने ही घरों में पानी सप्लाई हुआ। जिन लोगों ने कनेक्शन के पैसे जमा किए थे।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा ने 25 दिसंबर को केरवा पेयजल योजना का लोकार्पण किया था। लेकिन टेस्िटग व लीकेज होने के कारण घरों तक पानी की सप्लाई नहीं हुई थी।
दोपहर 4ः30 बजे कान्हाकुंज फेस-2 बंजारी दशहरा मैदान की टंकी से पानी सप्लाई शुरू हुआ। पहले पैलेस आर्चर्ड की टंकी से पानी सप्लाई होनी थी। लेकिन खादिम शोरूम के सामने लीकेज होने से बंजारी दशहरा मैदान की टंकी से सबसे पहले कान्हाकुंज फेस-2 में सप्लाई की गई। लीकेज ठीक करने के बाद रात 8 बजे पैलेस ऑचर्ड से अमरनाथ कॉलोनी में पानी छोड़ा गया। शनिवार को दामखेड़ा, अमरनाथ समेत जहां-जहां कनेक्शन है, वहां पानी की सप्लाई शुरू हो सकती है।
पानी सप्लाई पर रहा असमंजस
दोपहर 3 बजे बंजारी दशहरा मैदान और पैलेसे आर्चर्ड की 20-20 लाख लीटर की क्षमता की टंकियों से पानी की सप्लाई होनी थी। लेकिन अधिकारी दोपहर 4 बजे पैलेस ऑर्चर्ड पानी की टंकी के पास दीवार गिरने वाली जगह पर वॉल्व व पाइप लाइन के ऊपर सीमेंट कंक्रीट का काम कराते रहे। वहीं कोलार मेन रोड खादिम शोरूम के सामने वॉल्व में आई एयर व खराब पानी को निकलाने में जुटे रहे। पानी सप्लाई पर असमंजस की स्थिति बनती रही।
इधर पार्षद पवन बोराना ने कहा कि नहीं आया पानी |
कान्हाकुंज में पानी सप्लाई होने पर वार्ड-81 के पार्षद पवन बोरना ने कहा कि कान्हाकुंज में पानी नहीं आया। रहवासी आशा जैन ने भी कहा कि पानी की सप्लाई नहीं हुई। वहीं ननि अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने कनेक्शन लिए हैं, वहीं पानी सप्लाई किया गया है। बिना कनेक्शन के पानी सप्लाई कैसे होगी।
आशीष मार्तण्ड, सहायक यंत्री(जलकार्य)ननि का कहना है टेस्टिंग के रूप में कान्हाकुंज और अमरनाथ कॉलोनी के घरों में केरवा का पानी सप्लाई शुरू किया गया। अभी पीने योग्य पानी नहीं है। सिर्फ 15-15 मिनट के लिए दोनों टंकियों से पानी छोड़ा गया। अभी नल कनेक्शन कम हैं, इसलिए कम ही घरों तक पानी पहुंचा है। जल्द ही जांच करके अन्य कॉलोनियों में पानी सप्लाई किया जाएगा।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |