Advertisement
देहरादून । उत्तराखंड के चमोली जिले में माणा हिमस्खलन में अब तक सात श्रमिकों की मौत हो चुकी है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने रविवार को मृतकों की सूची जारी कर दी है। मृतकों में हिमाचल प्रदेश के दो, उत्तर प्रदेश के चार व उत्तराखंड का एक श्रमिक है। इस हादसे में देहरादून क्लेमेंटटाउन निवासी अरविंद कुमार सिंह अभी लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है।
रविवार को सेना और अन्य टीमों ने खोज एवं बचाव अभियान जारी रखा है। मौसम साफ होने के चलते रविवार को रेस्क्यू अभियान में काफी तेजी गति से चला। खोज एवं बचाव के दौरान आज तीन और श्रमिकों के शव बरामद हो गए। इस हादसा में मरने वालों की कुल संख्या सात हो गई है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने हिमस्खलन में मरने वालों की सूची के अनुसार हिमाचल प्रदेश के मोहिन्द्र पाल व हिमेश चंद, उत्तर प्रदेश के जितेन्द्र सिंह, मनजीत सिंह, आलोक यादव व अशोक पासवान और उत्तराखंड का एक श्रमिक अनिल कुमार शामिल है। हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद से उत्तराखंड का अरविंद कुमार सिंह अभी भी लापता है। बचाव दल उसकी तलाश में जुटा है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव सुमन ने बताया कि लापता की खोज में सेना के साथ ही एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें भी लगातार सर्च अभियान में जुटी हैं।
उल्लेखनीय है कि माणा के पास हिमस्खलन की चपेट में 54 श्रमिक आए थे। जिसमें से 46 श्रमिकों को रेस्क्यू कर उनका उपचार किया जा रहा है, जबकि सात शव बरामद किये जा चुके है। इन शवाें काे पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए संबंधित परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। अब सिर्फ एक श्रमिक की ही तलाश हाे रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |