Advertisement
केरवा पेयजल योजना के लोकार्पण के दो दिन बाद भी केरवा का पानी लोगों के घरों तक नहीं पहुंचा। बंजारी दशहरा मैदान और पैलेस आर्चर्ड की टंकियां भी नहीं भर सकीं। केरवा डैम पंप हाउस से मंगलवार सुबह 4 बजे छोड़ा गया। लेकिन नॉन रिटर्निंग वॉल्व में खराबी आने से पानी वापस लौटने लगा। साथ ही शालीमार गार्डन के सामने और पैलेस आर्चर्ड टंकी के पास लीकेज हो गया है। सुधार कार्य के लिए पानी सप्लाई बंद करनी पड़ी। इससे दोनों टंकी नहीं भर सकीं। पता चलते ही एजेंसी के कर्मचारी वॉल्व सुधारने में जुट गए। नगर निगम इंजीनियर भी सुधरवाने की मशक्कत करते हुए दिखे। केरवा पहाड़ी पर बने वाटर फिल्टर प्लांट पर भी पानी बहा, जो केरवा पर बनी नर्सरी तक आ गया। सुबह 6 बजे बैरागढ़ चीचली में एक वॉल्व फूट गया। जिससे तेज दवाब से पानी निकलने लगा, जो पास में लगे बिजली के पोल तक पहुंच गया। वॉल्व फूटने से बैरागढ़ चीचली मेन रोड व खाली जमीन पर पानी भर गया। नगर निगम प्रशासन के अफसर फिर वॉल्व सुधारने में जुट गए और बुधवार शाम 5 बजे तक सुधार कार्य चलता रहा।
अब तक एक भी टंकी में नहीं भर पाया पानी
नगर निगम प्रशासन ने केरवा पेयजल योजना का लोकार्पण करने से पहले बंजारी व पैलेस ऑर्चर्ड की टंकियों की टेस्टिंग करने का दावा किया था। लेकिन ललिता नगर और नयापुरा मां निर्मला देवी मार्ग पर पहले दिन (25 दिसंबर) ही पाइप लाइन में लीकेज हो गया था। इसके चलते क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा को घरों में पानी पहुंचाए बिना ही योजना का लोकर्पण करना पड़ा था। मंगलवार और बुधवार को भी केरवा डैम पर बने पंप हाउस से टेस्टिंग के तौर पर पानी छोड़ा गया। लेकिन दोबारा लीकेज की समस्या आ गई और टंकियां नहीं भरी गईं।
नगर निगम सहायक यंत्री आशीष मार्तण्ड ने बताया कि अभी टेस्िटग के तौर पर ही केरवा का पानी सप्लाई किया जा रहा है। जहां भी लीकेज व वॉल्व फूटने की समस्या आ रही है, उसे तत्काल प्रभाव से ठीक कराया जा रहा है। अब फिर से टंकिया भरी जाएंगी। टंकियों में पानी भरने के बाद वार्ड-80 और 82 के दो हजार घरों में पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री की घोषणा पूरी करने के लिए नगर निगम के अफसरों ने काम की रफ्तार तो बढ़ा दी पर गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा। जिम्मेदारों ने संबंधित एजेंसी से जल्दबाजी में पाइप लाइन बिछाने और वॉल्व जोड़ने का काम कराया, जिससे बार-बार पाइप लाइन लीकेज होने और वॉल्व खराब होने की समस्या आ रही है।
केरवा पेयजल योजना के तहत केरवा डैम से कोलार तक नई पानी की पाइप लाइन बिछाई गई है। शुरुआत में लीकेज की समस्याएं आती हैं। बुधवार तक सभी लीकेज सुधार लिए गए हैं। गुरुवार को टंकियां भरकर पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
एमपी सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |