Video

Advertisement


अमरकंटक और पचमढ़ी में एक डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
bhopal, Minimum temperature,Amarkantak and Pachmarhi
भोपाल । उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते चार दिनाें से पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। शनिवार को प्रदेश के आधे हिस्से में सर्द हवाएं चलीं। शनिवार-रविवार की रात अमरकंटक और पचमढ़ी में पारा एक डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, मौसम विभाग ने रविवार को भोपाल, इंदौर समेत 36 जिलों में शीतलहर और कोल्ड डे का अलर्ट है।


मैकल पहाड़ी पर घने जंगल और ऊंचाई पर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य स्थल अमरकंटक में एक बार फिर तापमान गिरने से यहां ओंस की बूंदे बर्फ में तब्दील हो गईं। इसी तरह अनूपपुर में रविवार की सुबह सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा एक डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। शनिवार-रविवार की रात में यहां रिकॉर्ड ठंड पड़ी। उमरिया में 2.3 डिग्री और मंडला में 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। रायसेन-राजगढ़ में 3.8 डिग्री रहा। नौगांव, मलाजखंड, रीवा, खजुराहो, सतना, टीकमगढ़ में तापमान 6 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया।


प्रदेश के पांच बड़े शहरों में भोपाल और जबलपुर सबसे ठंडे रहे। भोपाल में 4.2 डिग्री और जबलपुर में पारा 4 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में सबसे ज्यादा 9.4 डिग्री रहा। ग्वालियर में 5.2 डिग्री और उज्जैन में 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इधर, मौसम विभाग के रिकॉर्ड की मानें तो ग्वालियर में तो 26 दिसंबर 1961 को तापमान लुढ़ककर माइनस 0.4 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि अब यह इतिहास ही बन चुका है, क्योंकि इसके बाद ग्वालियर में कभी इतनी सर्दी नहीं पड़ी है।


जबलपुर में भी शनिवार का दिन सबसे ठंडा दिन रहा, जबकि शुक्रवार को सर्द सीजन की सबसे सर्द रात रात का न्यूनतम तापमान पहली बार 4.6 डिग्री तक नीचे आ गया। धुंध के बीच बर्फीली हवा से लोग कंपकपा उठे। रात की ठंड का असर सुबह तक बना रहा। रविवार को सुबह से सर्द हवा के झोंके लोगों को झकझोरते रहे। शीतलहर लोगों को ठिठुराती रही। वातावरण में गलाव वाली ठंड महसूस की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मौसम ऐसा ही बना रहेगा। जबलपुर जिले के लिए शीतलहर का आरेंज अलर्ट जारी किया है।


भोपाल मौसम विज्ञान केन्द्र की वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि उत्तर भारत से बर्फीली हवा आ रही है, जो स्ट्रॉन्ग है। इस वजह से पूरा प्रदेश ठिठुर रहा है। रविवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। शाजापुर, सीहोर, विदिशा, रायसेन, जबलपुर और शहडोल में ऑरेंज अलर्ट है। जबलपुर और शहडोल में शीतलहर चलेगी, जबकि बाकी जिलों में बर्फ तक जम सकती है। वहीं, मंदसौर, रतलाम, बड़वानी, देवास, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, कटनी, उमरिया, सिवनी, मंडला, अनूपपुर, सिंगरौली में शीतलहर चल सकती है। इसके अलावा इंदौर, सीधी, नरसिंहपुर, राजगढ़, बैतूल, धार, उज्जैन, राजगढ़ में कोल्ड डे का अलर्ट है। नीमच में सर्द हवा चलने के साथ कोल्ड डे यानी, ठंडा दिन भी रह सकता है।
Kolar News 15 December 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.