Advertisement
ग्वालियर । शहर में दिवाली के बाद शुरू हुई हल्की ठंड सुबह-शाम और रात तक ही सीमित थी। सोमवार को घने कोहरे के साथ दिन में भी ठंड की शुरुआत हो गई। ग्वालियर में सीजन का यह पहला कोहरा था। कोहरा घना होने के कारण सुबह दृश्यता 100 से 150 मीटर रही। इस दौरान सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइन जलानी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को सुबह भी मध्यम से घना कोहरा पड़ सकता है।
सोमवार को सुबह लोगों की नींद खुली तो पूरा शहर कोहरे के आगोश में था। कोहरा घना होने के कारण सूरज के दर्शन भी देरी से हुए। दोपहर होते-होते कोहरा बादलों में बदल गया। जिससे पिछले दिनों की अपेक्षा आज धूप काफी कमजोर रही। कोहरे के साथ चलीं ठंडी हवाओं ने आज दिन में भी ठंड का एहसास कराया। इसके चलते लोगों को गर्म कपड़े पहना पड़े। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार इस समय पश्चिमोत्तर भारत के वायु मंडल में जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। इसके अलावा बांग्लादेश के दक्षिण भाग में चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों की वजह से हवाओं के साथ नमी आ रही है। इसी कारण आज ग्वालियर सहित भिण्ड एवं मुरैना जिलों में घने कोहरे की स्थिति निर्मित हो गई। हवाओं में नमी की वजह से अगले दो दिन भी सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा पड़ सकता है।
अधिकतम तापमान 5.7 डिग्री लुढ़का: घने कोहरे की वजह से सोमवार को अधिकतम तापमान में दबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है जबकि न्यूनतम तापमान एक अंक बढ़ गया है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस लुढ़क कर 26.3 डिग्री सेल्सियस पर ही थम गया जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 90 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 67 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 09 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |