Video

Advertisement


झारखंड की जनता अब इंडी अलायंस की सरकार को उखाड़कर कमल खिलाने को आतुर : प्रधानमंत्री मोदी
new delhi,  Jharkhand ,Prime Minister Modi

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि झारखंड की जनता अब इंडी अलायंस की सरकार को उखाड़कर कमल खिलाने को आतुर है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड में हर तरफ एक ही गूंज है, 'रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-एनडीए की सरकार।

 

प्रधानमंत्री ने झारखंड के गढ़वा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते कहा कि जनता ने कुछ महीने पहले दिल्ली में लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए सरकार बनाई। अब झारखंड में विधानसभा का चुनाव है, हम सभी को मिलकर यहां भाजपा-एनडीए के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि वह यहां जनता का आशीर्वाद मांगने आये हैं।

 

जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी पर परिवारवाद को लेकर हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवारवाद झारखंड का एक बहुत बड़ा दुश्मन है। उन्होंने कहा कि ये तीनों दल घोर परिवारवादी हैं। ये चाहते हैं कि सत्ता की चाबी केवल इन्हीं के परिवार के पास रहे। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं का सामर्थ्य बढ़े, उन्हें नए अवसर मिलें ये सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने झारखंड के युवाओं के साथ धोखा ही किया है। इन्होंने (जेएमएम-कांग्रेस) झारखंड के नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया। भर्तियों में धांधली, पेपर लीक जैसे यहां का उद्योग बन गया है। सिपाही भर्ती के दौरान जेएमएम सरकार की लापरवाही के कारण कई नौजवाओं की दुखद मृत्यु हो गई। अब झारखंड भाजपा ने इस स्थिति को बदलने का निर्णय लिया है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद करीब 3 लाख सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी जहां-जहां भी झूठ बोलकर सत्ता में आए हैं, उस राज्य को उन्होंने बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस के अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खरगे) ने भी मान लिया है कि कांग्रेस झूठी गारंटी देती है। उनके मुंह से भी जाने-अनजाने में सच निकल गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जो ये अनाप-शनाप घोषणाएं हैं, ये राज्यों को दिवालिया कर देंगी।

 

प्रधानमंत्री ने छठ के उत्साह का जिक्र करते हुए छठी मैया की उपासना करने वालों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड में ये चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं, जब पूरा देश 'विकसित भारत' के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है यानी आने वाले 25 वर्ष देश और झारखंड के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे और झारखंड भी तब 50 वर्ष का होने वाला होगा।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा, झारखंड की सुविधा, सुरक्षा, स्थिरता व समृद्धि की गांरटी के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। प्रधानमंत्री ने झारखंड भाजपा को शानदार संकल्प पत्र जारी करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये संकल्प पत्र रोटी-बेटी-माटी के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित है। माताओं, बहनों, बेटियों के कल्याण के लिए झारखंड भाजपा के संकल्प पत्र में अनेक संकल्प लिए गए हैं। 'गोगो दीदी योजना' के तहत हर महीने माताओं-बहनों को 2,100 रुपये दिए जाएंगे। गरीब परिवार की माताओं-बहनों को उज्ज्वला योजना के तहत पहले गैस कनेक्शन दिए गए, अब झारखंड में बनने जा रही भाजपा सरकार 500 रुपये में गैस सिलेंडर देगी इसके साथ अगले साल दीपावली और रक्षाबंधन पर दो मुफ्त सिलेंडर भी देगी।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम ईमानदारी से झारखंड के विकास की हर कोशिश कर रहे हैं। जब यहां आप लोग डबल इंजन की सरकार बनाएंगे, तो राज्य का विकास भी डबल तेजी से होने लगेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के नौजवानों में टैलेंट की कमी नहीं है। ये हमारे झारखंड के बेटे और बेटियां खेल के मैदान में झारखंड का जज्बा दिखाते हैं।

 

 

 

 

Kolar News 4 November 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.