Advertisement
कोलार थाना क्षेत्र के उमा विहार कॉलोनी में रविवार को एक महिला पर उसके देवर ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों के बीच में मकान को लेकर पुराना विवाद है। महिला ने घर से बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई। शिकायत के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार नहीं हो पाया है।
कोलार थाने के एएसआई राजेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि उमा विहार कॉलोनी में रहने वाली दिव्या रिहान पति राहुल (28) गृहिणी है। उसका पति राहुल एमपी नगर में एक कम्प्यूटर शॉप पर नौकरी करता है। वह मकान के निचले हिस्से में अपनी मां और पत्नी के साथ रहता है। जबकि मकान के ऊपरी हिस्से में उसका छोटा भाई सागर रिहान अपनी पत्नी व पिता के साथ रहता है। दोनों भाइयों के बीच पिछले कुछ सालों से मकान को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों मकान पर अपना हक जमाना चाहते हैं। रविवार को राहुल की पत्नी दिव्या और मां घर पर ही थे। तभी सागर उनके पास पहुंचा और मकान खाली करने के लिए बोला। दिव्या ने इंकार कर दिया। इस पर तिलमिलाया सागर किचिन से चाकू लाया और दिव्या पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल दिव्या अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |