Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी का दौर जारी है। प्रदेश नौपता की शुरूआत से ही भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है। नौतपा के सातवें दिन यानि शुक्रवार को भी भीषण गर्मी और लू का असर रहा। छतरपुर के बिजावर में तापमान सबसे अधिक 47.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, शिवपुरी में 47 डिग्री और निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 46.7 डिग्री तापमान रहा। जबकि 11 शहरों में पारा 45 डिग्री से अधिक रहा। आज शनिवार को ग्वालियर-दतिया समेत 16 जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। जबकि कुछ जिलों में आंधी और बूंदाबांदी की संभावना है।
इससे पहले शुक्रवार को खजुराहो, दतिया, सिंगरौली, नौगांव, सीधी, ग्वालियर और सतना सबसे अधिक गर्म रहे। खजुराहो में 46.5 डिग्री, दतिया में 46.4 डिग्री, सिंगरौली में 46.3 डिग्री, नौगांव में 46 डिग्री, सीधी में 45.8 डिग्री, ग्वालियर में 45.7 डिग्री और सतना में पारा 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। इन जिलों में लू भी चली। प्रदेश में सिर्फ पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 36.6 डिग्री दर्ज किया गया। बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार ही दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी भोपाल में 42.4 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री, जबलपुर में 43.7 डिग्री और उज्जैन में तापमान 40.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 30 मई को केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है। मध्यप्रदेश में 15 से 20 जून के बीच मानसून की एंट्री हो सकती है। अभी प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय है, जबकि ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसकी वजह से शुक्रवार को कई जिलों में गर्मी का असर रहा। शनिवार को कई जिलों में गरज-चमक और आंधी का असर रहेगा। प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्म हवाएं भी चलेंगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |