Advertisement
बैतूल/ अशोकनगर। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण के लिए मतदान जारी है। इस बीच प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों के मतदान केन्द्राें पर ड्यूटी पर तैनाती के दौरान मतदान दलों के कर्मचारियों के स्वास्थ्य बिगड़ने की खबरें सामने आ रही है। प्रदेश के बैतूल जिले में मतदान केंद्र पर तैनात कर्मचारी को अचानक मिर्गी का दौरा आ गया। वही अशोकनगर जिले में पोलिंग बूथ पर ड्यूटी कर रहे जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहला मामला बैतूल जिले का है। दामजीपुरा स्कूल में चपरासी के पद पर पदस्थ जनक लाल यादव की ग्राम दातोरा के मतदान केंद्र क्रमांक 149 पर ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी के दौरान अचानक जनक लाल को मिर्गी का दौरा पड़ गया। बताया जा रहा है कि वह दो घंटे तक जमीन पर बेहोश पड़ा रहा। दो घंटे के बाद एंबुलेंस पहुंची। जिसके बाद उसे इलाज के लिए मुलताई ले जाया गया।
वहीं दूसरा मामला अशोकनगर जिले का है। यहां मुंगावली विधानसभा के पोलिंग क्रमांक 267 टांडा गांव पर होमगार्ड का जवान तैनात था। इस दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। आनन फानन में लाेगों ने उसे सिविल अस्पताल मुंगावली में भर्ती कराया। अशोकनगर कलेक्टर सुभाष द्विवेदी ने बताया कि उनकी पल्स ज्यादा चल रही थी जिसकी वजह से उनकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य है। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जवान का हालचाल जाना।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |