Advertisement
मेरे इकलौते बेटे की मौत के लिए साजिश रची गई है। उसके मोबाइल फोन को फॉर्मेट कर क्यों तोड़ा गया। यह आशंका मृतक सन्नी के पिता अनिल सोनी ने जताई है। दरअसल, केरवा डेम में शनिवार रात डूबे 8 वीं क्लास के छात्र सन्नी (17) का शव आठ घंटे की सर्चिंग के बाद रविवार सुबह 10 बजे गोताखोरों ने बाहर निकाल लिया। शव डेम के तलहटी में मिट्टी के बीच फंसा हुआ मिला। इस दौरान गोताखोरों के दो आक्सीजन के सिलेंडर भी खत्म हो गए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
रातीबड़ थाना प्रभारी (एसआई) कंचन राजपूत के अनुसार युगांतर कॉलोनी बरखेड़ा अवधपुरी निवासी इंद्रपुरी सन्नी उर्फ रोहित के पिता अनिल सोनी एक कपड़े की दुकान में काम करते हैं। सन्नी अपने दोस्त नितिन सिंह और आदित्य गिरी के साथ शनिवार को केरवा डेम गया था। जहां नहाते समय सन्नी डूब गया। उसके दोनों दोस्त घर लौट गए, लेकिन किसी को कुछ नहीं बताया।
मृतक के पिता अनिल सोनी ने बताया कि उनका बेटा शनिवार सुबह 11 बजे घर से निकला था, लेकिन रात आठ बजे तक घर नहीं पहुंचा तो उनकी पत्नी सीमा ने उनको फोन पर इसकी सूचना दी। वे बेटे को तलाशते हुए उसके दोस्त आदित्य गिरी के घर पहुंचे। तब पता चला कि उनका बेटा डेम में डूब गया है। अनिल आदित्य और उसकी मां को लेकर अवधपुरी थाने पहुंचे। वहां से रातीबड़ पुलिस को सूचना दी गई। जब वह केरवा डेम पर पहुंचे तो बेटे के कपड़े डेम के किनारे पर रखे मिल गए।
नगर निगम के गोताखोर ने शनिवार रात 8 बजे से शव की तलाश केरवा डेम में शुरू कर दी थी, लेकिन उन्हें सन्नी का शव नहीं मिला। रात एक बजे के करीब सर्चिंग बंद करनी पड़ी थी। उसके बाद सुबह सात बजे से एक बार फिर गोताखोरों ने शव को खोजने सर्चिंग अभियान शुरू किया, तो दस बजे के करीब शव डेम के तलहटी में मिट्टी के बीच फंसा हुआ मिला।
अपने इकलोते बेटे सन्नी का शव देखकर उसके पिता अनिल सोनी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। वह रोते- रोते एक ही बात कहते जा रहे थे कि उनके बेटे की मौत की साजिश रची गई । उन्होंने बताया कि उसके दोनों दोस्तों को शनिवार रात ही मौके पर बुलवाया ,तो सन्नी के साथ डेम पर आया नितिन सिंह के पास से उसके बेटे का मोबाइल मिला। वह टूटा हुआ था, जिसको फॉर्मेट किया गया था। नितिन सिंह के पिता रामेश्वर सिंह पुलिस में प्रधान आरक्षक हैं। जबकि आदित्य गिरी के पिता सेना से रिटायर हैं। मृतक सन्नी के पिता का आरोप है कि सन्नी दो दिन पहले ही कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |