Video

Advertisement


सामाजिक आर्थिक और राजनैतिक न्याय के लिए निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा : राहुल गांधी
bhopal, Bharat Jodo Nyay Yatra , Rahul Gandhi

भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज शनिवार को राजस्थान के धौलपुर से होते हुए मध्यप्रदेश में प्रवेश हुई। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा मुरैना में न्याय यात्रा का स्वागत एवं अगवानी की गई। सेवादल की उपस्थिति में विधिवत रूप से न्याय यात्रा ध्वज को सलामी देकर राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोंविद डोटासरा ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी को ध्वज सौंपा।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस लगातार हिंसा और डर का माहौल इस देश में बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोगों को धर्म, जाति और प्रदेश की राजनीति में बांट दिया है। कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित कर रही है कि सब लोग एक साथ आए। भाजपा की विचारधारा नफरत की विचारधारा है और हमारी विचारधारा नफरत के खिलाफ मोहब्बत की दुकान की विचारधारा है। पिछली यात्रा कई प्रदेशों में नहीं पहुंच पाई थी और लोगों ने आग्रह किया था कि उनके प्रदेशों से भी यात्रा निकलनी चाहिए इसलिए दूसरी बार यह यात्रा की जा रही है। लेकिन मध्य प्रदेश जो कि देश का दिल है यहां से दोनों ही यात्राएं निकली हैं।

हमारी यात्रा न्याय दिलाने के लिए है

राहुल गांधी ने आगे कहा कि इस यात्रा में हमने एक और शब्द जोड़ दिया है और वह शब्द है ‘‘न्याय“। क्योंकि युवाओं का बेरोजगार रहना उसने साथ अन्याय है, किसान को सही दाम न मिलना उसके साथ अन्याय है, अलग-अलग तरीकों के अन्याय देश में हो रहे हैं इसलिए हमारी यात्रा का दृष्टिकोण हर वर्ग को ‘न्याय’ दिलाने का है। आज 4 दशकों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है, यहां तक की पाकिस्तान और बांग्लादेश से दोगुनी बेरोजगारी हमारे देश में है। नोटबंदी और जीएसटी की वजह से छोटे व्यापारियों के धंधे बंद होने की कगार पर आ गए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अब मैं आपसे सामाजिक न्याय की बात करना चाहता हूं। 50 प्रतिशत पिछड़े, 15 प्रतिशत दलित एवं 8 प्रतिशत आदिवासी मिलकर के 73 प्रतिशत होते हैं, लेकिन उनकी भागीदारी नगण्य है।

सामाजिक न्याय का पहला कदम है जाति आधारित जनगणना

राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के पैमानों में भी आपकी कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। परंतु जब मनरेगा की लिस्ट निकालो, मजदूरों की लिस्ट निकालो, कॉन्ट्रैक्ट लेबर की लिस्ट निकालो या सफाई कर्मी की लिस्ट निकालो तो इस वर्ग के लोग बहुत मिल जाते हैं, यह व्यवस्था भाजपा की सरकार ने बना दी है। इन समस्याओं से निजात पाने का तरीका है सामाजिक न्याय इसका पहला कदम है जाति आधारित जनगणना। कांग्रेस पार्टी इस जनगणना का वादा करती है। इसके दो भाग होंगे पहले भाग में दलित, आदिवासी एवं पिछड़ों की आबादी का आंकड़ा निकल जाएगा तथा दूसरे भाग में इन वर्गों के बीच धन का बंटवारा कैसा है यह पता किया जाएगा ताकि उनके साथ न्याय हो सके।

 

इतिहास में पहली बार निकल रही ऐसी ऐतिहासिक यात्रा

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश में न्याय यात्रा के प्रवेश करने पर राहुल गांधी और लाखों कांग्रेसजनों का स्वागत करते हुए कहा कि राहुल गांधी आम आदमी एवं बेरोजगारों के हक की बात करते हुए आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक न्याय के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं। संभवत 200 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक प्रेम के संदेश को लेकर किसी ने ऐसी ऐतिहासिक यात्रा निकाली।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक अच्छा संदेश देगी

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा प्रदेश ही नहीं देश में एक अच्छा संदेश देगी। युवाओं, किसानों, महिलाओं और सभी वर्ग के हकों और अधिकारों की लड़ाई के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा में प्रदेश भर के कांग्रेसजन पूरे उत्साह के साथ शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है, उसे बचाने के लिए यह न्याय यात्रा निकाली जा रही है।

Kolar News 2 March 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.