Advertisement
विदिशा। भोपाल-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग 146 पर ग्यारसपुर के समीप शनिवार सुबह एक पुलिया के नीचे सुबह तेंदुए का शव बरामद हुआ है। आसपास के लोगों ने तेंदुए को मृत देखा तो वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वन अधिकारियों ने आशंका जताई है कि रात के अंधेरे में अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हुई होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
क्षेत्र के डिप्टी रेंजर मोहन विश्वकर्मा ने बताया कि ग्यारसपुर से गुजरने वाले राजमार्ग के किनारे एक निजी स्कूल के सामने एक संकरी पुलिया के पास से गुजरने वाले लोगों ने शनिवार सुबह मृत तेंदुए को देखा और वन विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि तेंदुए के शरीर पर किसी शस्त्र के निशान नहीं पाए गए हैं और आसपास भी संदेहास्पद वस्तुएं नहीं पाई गई है। यहां से गुजरने वाले राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी रहती है। आशंका है कि रात के समय सड़क पार करते समय यह तेंदुआ किसी भारी वाहन की टक्कर से पुलिया के नीचे गिरा होगा, जिसके कारण उसकी मौत हुई होगी। उनका कहना था कि तेंदुए के शव के पोस्टमार्टम के बाद ही असली वजह सामने आएगी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |