Advertisement
सीहोर/भोपाल। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के रहने वाले भारतीय सेना में सूबेदार अनिल वर्मा की सोमवार को उनके गृह ग्राम लसुड़िया परिहार में पूरे सैनिक सम्मान के साथ अन्त्येष्टि कर दी गई। इस मौके पर भारतीय सेना के जवानों ने गॉड ऑफ ऑनर दिया।
इससे पहले गांव में उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों लोगों ने नम आंखों से बलिदानी को अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा में मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए।
अनिल वर्मा का 10 फरवरी 2024 को लेह में कर्तव्य निर्वहन के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उनका पार्थिव शरीर इंडिगो फ्लाइट से भोपाल पहुंचा और सुबह करीब 7:00 बजे पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सीहोर के लसूड़िया परिहार के लिए रवाना किया गया। लसूड़िया परिहार और आस-पास के गावों के सैकड़ों लोग उनके अंतिम दर्शन पाने के लिए अलसुबह से गांव पहुंच गए थे। इसके बाद पैतृक निवास से अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसके बाद उनका पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। इस मौके पर हजारों लोग मौजूद रहे।
प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने उनके गृह ग्राम लसूड़िया परिहार पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर प्रवीण सिंह, एसपी मयंक अवस्थी सहित अनेक सेना एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि अपने कर्तव्य को निभाते हुए अनिल वर्मा ने अपने प्राण त्याग दिए। भारत माता के ऐसे वीर सपूतों के कारण ही हम सभी और पूरा देश सुरक्षित है। मंत्री वर्मा ने कहा कि वीर सपूत अनिल वर्मा के माता-पिता को भी प्रणाम करता हूं। मंत्री ने प्रदेश सरकार की ओर से 11 लाख रुपये तथा स्वयं अपनी ओर से पांच लाख रुपये वीर सपूत वर्मा के परिजनों को प्रदान करने के साथ ही उनकी स्मृति में ग्राम वासियों से चर्चा कर भव्य स्मारक बनाने की बात कही।
ग्राम लसूड़िया परिहार के सरपंच के अनुसार, अनिल वर्मा लसूड़िया परिहार गांव के पहले सैनिक थे, जो सेना में चयनित हुए थे। उनके दो बच्चे हैं, जिसमें 18 साल का बेटा और 14 साल की बेटी है। अनिल वर्मा 25 साल से सेना में अपनी सेवा दे रहे थे। उनकी मौत की सूचना से पूरे गांव में शोक है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |