Advertisement
मन्दसौर। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री पशुपतिनाथ मंदिर पुजारी परिवार द्वारा 2 दिसम्बर शनिवार को भूतभावन भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर का भव्य 65वां प्रतिष्ठा महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा।
पुजारी परिवार के सदस्यों ने बताया कि आयोजित प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत प्रातःकाल से ही विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। जिसमें सर्वप्रथम प्रातः 7.30 बजे से 51 विद्वान ब्राह्मणों द्वारा अभिषेक प्रारंभ किया जाएगा। अभिषेक पश्चात् अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ महादेव की प्रतिमा का भव्य व नयनाभिराम श्रृंगार किया जाएगा। जिसमें श्रद्धालुओं से चारों द्वार से भगवान के विभिन्न रूपों में दर्शन होंगे। साथ ही 21 हजार मगज ड्राई फ्रूट के लड्डूओं का भगवान को भोग लगाया जाएगा। सायं 5 बजे वाराणसी में होने वाली गंगा आरती की तर्ज पर बाबा पशुपतिनाथजी की भव्य महाआरती होगी। महाआरती के दौरान बाहर के विशेष कलाकारों द्वारा बैंड की प्रस्तुति दी जाएगी तथा आतिशबाजी भी होगी। महाआरती के पश्चात् भक्तों को लड्डूओं का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
प्रतिष्ठा महोत्सव हेतु तैयारियां जोर शोर से की जा रही है। मंदिर परिसर को सजाया जा रहा है साथ ही 21 हजार लड्डूओं के भोग तैयार करने हेतु शनिवार को विधि विधान से भट्टी पूजन भी किया गया। इस दौरान पुजारी परिवार के सदस्य व संस्कृत पाठशाला के बटूक आदि उपस्थित रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |