Video

Advertisement


गहलोत सरकार के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ भी नहीं : प्रधानमंत्री
pali, Nothing is bigger ,Prime Minister

पाली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राजस्थान की गहलोत सरकार के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ भी नहीं है। इस कांग्रेस सरकार को सबक सिखाना जरुरी है। राजस्थान में महिला अत्याचार बढ़ा है और यहां के मुख्यमंत्री सर्टिफिकेट देते हैं कि वे फर्जी शिकायत दर्ज करवाती हैं, यह महिलाओं का अपमान है।

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को पाली के जाडन में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने आपके मोबाइल का बिल भी कम कर दिया है। डेटा की वर्ष 2014 से पहले की कीमत होती तो आज आपको एक मोबाइल पर अधिक खर्च करने पड़ते। एक परिवार में कम से कम चार मोबाइल होते हैं, मोदी ने यह खर्चा बचाया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ नहीं है। कांग्रेस के लिए परिवारवाद ही सब कुछ है। उसके पास तुष्टिकरण के अलावा कुछ नहीं है। दंगाइयों और आतंकियों के हौसले बुलंद हो गए। ऐसी विकृत वाली मानसिकता वाली कांग्रेस को अच्छे से सबक सिखाना जरूरी है। कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन की यह पहली हरकत नहीं है। सनातन को लेकर उन्होंने क्या-क्या कहा, यह सबने देखा है। कांग्रेस और उसके साथी सनातन को खत्म करने का ऐलान कर रहे हैं। सनातन को खत्म करने का मतलब है, राजस्थान की संस्कृति को खत्म करना।

मोदी ने कहा कि महिलाओं और दलितों को लेकर कांग्रेस और इनके गठबंधन के नेता कैसी-कैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। बिहार के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री अति पिछड़े दलित परिवार से आते हैं, इसलिए उनकी बेइज्जती करने में उन्हें आनंद आता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में दलित परिवारों पर अत्याचार पर कांग्रेस ने किया है। जब से महिला आरक्षण विधेयक पास हुआ है, तब से घमंडिया गठबंधन ने महिलाओं के विरूद्ध अभियान छेड़ दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, लेकिन मजाल है कि कांग्रेस के किसी नेता ने आवाज उठाई हो। यही कांग्रेस का असली चेहरा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान को महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर वन बना दिया है। यहां के मुख्यमंत्री कहते हैं कि राजस्थान की बहनों-बेटियों ने पुलिस थाने में फर्जी शिकायत दर्ज कराई है। कोई मां-बहन हमारे देश में ऐसा नहीं कर सकतीं। इसमें कुछ तो सच होगा। मुख्यमंत्री सर्टिफिकेट देते हैं कि महिलाएं फर्जी शिकायत लिखवा देती हैं। महिलाओं का अपमान करने वाले मंत्री को कांग्रेस ने टिकट दी।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार महंगा पेट्रोल बेचकर कट की कंपनी चलाती है। मैं गारंटी देता हूं कि तीन दिसंबर के बाद भाजपा सरकार बनेगी तो पेट्रोल-डीजल के रेट की समीक्षा की जाएगी। पड़ोसी राज्यों में भाजपा सरकारें सस्ती दरों पर पेट्रोल बेच रही हैं। मोदी ने कहा कि राजस्थान में पूरी कोशिश के बाद भी राजस्थान में अब तक 20 लाख घर बना पाए हैं। गरीब विरोधी मानसिकता कांग्रेस की है। राजस्थान में हर घर तक नल से जल पहुंचाने के काम में भी कांग्रेस ने लूटने का काम किया।

उन्होेंने कहा कि मैं दिल्ली से पाइप-नल के लिए पानी भेजता हूं, यहां कांग्रेसी कागज पर नल लगाते हैं और पैसे डकार जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विज्ञापनों में पैसे देकर फर्जी लहर चला रही है। लाल डायरी और लॉकर से निकले पैसों पर मुख्यमंत्री धमका रहे हैं। कांग्रेस का यह पाप ज्यादा नहीं चलेगा।

Kolar News 20 November 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.