Advertisement
कोलार की गुड शेफर्ड कॉलोनी में रिटायर्ड एडीओ की 18 वर्षीय बेटी बुधवार रात पहली मंजिल की छत से सिर के बल नीचे गिर गई। गंभीर हालत में घायल छात्रा को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। हालांकि परिजन पीएम कराने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन बाद में पुलिस की समझाइश पर मान गए।
टीआई कुंवर सिंह मुकाती के अनुसार मकान नंबर-100 गुड शेफर्ड कालोनी, कोलार निवासी संजय नथानियल ग्रामीण एवं पंचायत विभाग से एडीओ के पद से रिटायर्ड हैं। उनकी 18 वर्षीय बेटी सारा थियोडेसियन एकेडमी में बारहवीं की छात्रा थी। बुधवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वह छत पर टहलने चली गई। संजय परिजनों के साथ घर के अंदर बैठे ईस्टर पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर चर्चा कर रहे थे। तभी जोर से कुछ गिरने की आवाज सुनकर सभी घर के बार आए। यहां उन्हें सारा खून से लथपथ पड़ी हुई थी। वह पहली मंजिल की छत से बरामदे में सिर के बल गिर गई थी। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उसे आईसीयू में रखा गया। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के चाचा विजय ने बताया कि मृतका तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उन्होंने बताया कि जहां से सारा नीचे गिरी वहां पर डेढ़-दो फिट की रैलिंग लगी हुई थी। छत पर उसके अलावा और कोई नहीं था। ऐसे में समझ नहीं आ रहा कि आखिर वह कैसे गिर गई? उसके सिर पर ज्यादा चोटें आई थी। कोलार पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |